सेवा संकल्प अभियान में ब्लॉक स्तरीय भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता

0

 

सेवा संकल्प अभियान में ब्लॉक स्तरीय भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता

रचनात्मकता और विचारों की अभिव्यक्ति का दिखा संगम, जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों का चयन


उत्तम साहू 

धमतरी, 4 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत हिंदी मेनोनाइट हायर सेकेंडरी स्कूल धमतरी में ब्लॉक स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। धमतरी विकासखंड के 42 संकुलों के हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘डिजिटल भारत’, ‘स्वच्छ भारत’, ‘नक्सलवाद’, ‘नया कश्मीर’ और ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार, राष्ट्र निर्माण और अपने सपनों के भारत की कल्पना को साकार किया।

भाषण प्रतियोगिता में विद्या कुंज हायर सेकेंडरी स्कूल लोहरसी की रीति जैन ने प्रथम, पीएम श्री एमआरडी शासकीय उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय बठेना की प्रिया सोनी ने द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरतुली की माम्यांशी साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।



चित्रकला प्रतियोगिता में थनेन्द्र साहू, गगन पटेल, हीना सिन्हा, अंजु निषाद और मानसी साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ओजस्वी निर्मलकर, कृतियां चक्रधारी, चांदनी ध्रुव, हर्ष देवांगन, करुणा पटेल और सीमा साहू द्वितीय रहे। वहीं हुजैफा काजी, नूतन सिन्हा, ओजस्वी साहू और मुकेश साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित विद्यार्थी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में धमतरी विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद रहे। अध्यक्षता जनपद पंचायत धमतरी के उपाध्यक्ष केशव साहू ने की। विशिष्ट अतिथि भोथली मंडल अध्यक्ष मिश्रीलाल पटेल रहे। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कमलेश ध्रुव, बीआरसीसी ललित सिन्हा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रभावी प्रस्तुतियों की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ समसामयिक विषयों को समझने, विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देती हैं।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी ने स्वागत भाषण दिया। मंच संचालन व्याख्याता सुरेश कुमार साहू ने तथा आभार प्रदर्शन संकुल समन्वयक राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा ने किया। आयोजन की सफलता में संकुल समन्वयकों, शिक्षकों, निर्णायकों, संस्था प्रमुखों एवं पालकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !