दीपावली से पहले ओवरब्रिज निर्माण में तेजी, लेकिन व्यापारियों की परेशानी का भी रखा जाए ध्यान

0

दीपावली से पहले ओवरब्रिज निर्माण में तेजी, लेकिन व्यापारियों की परेशानी का भी रखा जाए ध्यान

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेलवे अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, बोले—विकास जरूरी, पर आमजन की सुविधा से समझौता नहीं


उत्तम साहू 

रायपुर। रायपुर-राजिम मार्ग पर खोलीपारा रेलवे क्रॉसिंग के पास प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण ने अब रफ्तार पकड़ ली है। निर्माण के शुरुआती चरण में सड़क के दोनों ओर लोहे के बड़े-बड़े प्लेट लगाए जा रहे हैं। जहां एक ओर लंबे समय से प्रतीक्षित ओवरब्रिज निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों को राहत की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों और व्यापारियों की चिंता भी बढ़ गई है। दीपावली का त्योहारी सीजन सिर पर है और ऐसे में आवागमन प्रभावित होने से व्यापार पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।


इसी मुद्दे को लेकर प्रभावित दुकानदारों एवं क्षेत्रवासियों ने रविवार को बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात की। व्यापारियों ने सांसद को अपनी परेशानियों से अवगत कराते हुए कहा कि वे विकास कार्य के विरोध में नहीं हैं, लेकिन निर्माण के दौरान ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे दीपावली के महत्वपूर्ण व्यापारिक सीजन में दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच बाधित न हो और उनका कारोबार प्रभावित न हो।


व्यापारियों की चिंता को सांसद ने गंभीरता से लिया


लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सोमवार को रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों को अपने निवास पर बुलाया। उन्होंने ओवरब्रिज निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य की गति तथा निर्माण के दौरान आम नागरिकों एवं स्थानीय व्यापारियों को होने वाली संभावित परेशानियों की विस्तार से जानकारी ली।


सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और काम तेज गति से कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान आवागमन व्यवस्था ऐसी रखी जाए, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।


दीपावली सीजन को लेकर विशेष व्यवस्था के निर्देश


सांसद ने विशेष रूप से दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवागमन सुचारू रखने के लिए आवश्यक वैकल्पिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दुकानदारों की आजीविका प्रभावित न हो और ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में परेशानी न आए, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।


उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ओवरब्रिज जरूरी है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों की सुविधाओं और व्यापारियों की आजीविका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। विकास कार्य और जनसुविधा के बीच बेहतर तालमेल बनाकर काम किया जाना चाहिए।


बैठक के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे परामर्शदात्री समिति के सदस्य विजय गोयल सहित रेलवे के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !