धमतरी में पहली बार आयोजित अंडर-13 ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता, 15 टीमों ने दिखाया दमखम
यूनाइटेड भिलाई बनी विजेता, रायपुर की टीम रही उपविजेता; कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
उत्तम साहूधमतरी, 04 नवंबर 2026। जिले में फुटबॉल की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पीजी कॉलेज ग्राउंड, मुजगहन में आयोजित अंडर-13 बालक ओपन सब जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। धमतरी में पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 15 टीमों ने हिस्सा लिया। भिलाई, दुर्ग, रायपुर और कवर्धा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना से दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने विजेता टीम को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में यूनाइटेड भिलाई की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रायपुर की टीम उपविजेता रही।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक प्रयास का महत्व भी सिखाता है। उन्होंने कहा कि विजेता टीम की उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। हार को निराशा का कारण नहीं, बल्कि अपनी कमियों को पहचानकर आगे बढ़ने का अवसर मानना चाहिए। नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से खिलाड़ी ऊंचे मुकाम हासिल कर सकते हैं।
जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन देना आवश्यक है। इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा अन्य खिलाड़ियों से सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कम उम्र में फुटबॉल की उभरती प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना है। इस आयोजन से जिले में फुटबॉल को बढ़ावा देने और बाल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।
कार्यक्रम में कोच राजेश नायक, खेल अधिकारी जेपी देव सहित खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



