विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण : सांसद रूपकुमारी चौधरी

0

 

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण : सांसद रूपकुमारी चौधरी



युवा संवाद कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता पर हुई चर्चा, फेक न्यूज से सतर्क रहने का किया आह्वान


उत्तम साहू 

धमतरी, 04 नवंबर 2026। नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी में मेरा युवा भारत एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के तत्वावधान में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक नागरिकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की शपथ ली।

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शिक्षित, जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित होगा। युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और विकास की गति को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की जागरूकता, सहभागिता और संवैधानिक मूल्यों के सम्मान से मजबूत होता है।

उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों और फेक न्यूज से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के आगे साझा नहीं करना चाहिए। युवाओं को जाति, धर्म और क्षेत्रीय पूर्वाग्रहों से ऊपर उठकर विवेक एवं राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए मतदान करना चाहिए।


जागरूक नागरिक लोकतंत्र की वास्तविक ताकत : महापौर रामू रोहरा

नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने विद्यार्थियों के सवालों और जिज्ञासाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों में निहित है। युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, संवैधानिक प्रावधानों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी रखनी चाहिए। प्रश्न पूछना, जिज्ञासा रखना और तर्कपूर्ण संवाद करना जीवंत लोकतंत्र की पहचान है। युवा शिक्षा, नवाचार और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से देश को नई दिशा दे सकते हैं।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया, इसके विरोध तथा एक राष्ट्र-एक चुनाव की अवधारणा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल पूछे। महापौर ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्हें भ्रामक विचारों से सतर्क रहते हुए अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्रहित में करना चाहिए। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के उद्देश्य और लाभों पर भी प्रकाश डाला।


भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रखे विचार

कार्यक्रम के दौरान एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें धमतरी, नगरी, कुरुद, भखारा, आमदी और मगरलोड सहित विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 30 विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिले में खेल एवं कौशल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, जनपद सदस्य अनीता यादव, एसडीएम डॉ. कल्पना ध्रुव, जिला अधिकारी माय भारत श्रुति डोंगरे, महाविद्यालय के प्राचार्य जेएल पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !